अजित पवार और शरद पवार के बीच राकांपा के लिए रस्साकशी।
- फोटो : Amar Ujala
राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में टूट के बाद शरद पवार ने अजित पवार को जवाब देते हुए कहा कि उम्र 82 हो या 92 कोई फर्क नहीं, मैं अब भी प्रभावी हूं। एनसीपी को दोबार खड़ा करने और लोगों के लिए काम करने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। मैं यह काम पहले से अधिक प्रभावी ढंग से काम करूंगा। दरअसल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने बीते दिन शरद पवार की उम्र और रिटायरमेंट पर तंज कसा था।
दिल्ली में बुलाई थी बैठक
शरद पवार ने दिल्ली में अपने निवास पर एनसीपी कार्यकारिणी की बैठक बुलाई। इसमें पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, कोहली और अजित पवार समेत 9 विधायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया गया। शरद पवार ने एक बार फिर भतीजे अजित पवार और उनके गुट को चेतावनी दी कि उन्हें बगावत की कीमत चुकानी पड़ेगी।
हमें जो कहना होगा चुनाव आयोग के सामने कहेंगे: पवार
उन्होंने कहा कि अब हमें जो कहना होगा चुनाव आयोग के सामने कहेंगे। मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग से हमें न्याय मिलेगा। पवार ने विश्वास जताया कि विपक्षी दल 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को हराने में सफल होंगे।
मैं ही एनसीपी का अध्यक्ष: शरद पवार
पवार ने कहा कि मुझे खुशी है कि आज की बैठक मेरा हौसला बढ़ाने में मददगार होगी। मैं ही एनसीपी का अध्यक्ष हूं। अगर दूसरा कोई यह दावा कर रहा है तो उसमें कोई सच्चाई नहीं है। पवार ने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र की स्थिति बदलेगी और राज्य की जनता एनसीपी, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की नेतृत्व वाली शिवसेना की महा विकास आघाड़ी को वापसी कराएगी। इस बैठक में शरद पवार ने नरेंद्र राणे को एनसीपी मुंबई इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
एनसीपी कार्यकारिणी में पारित हुए 8 प्रस्ताव
दिल्ली में हुई पार्टी कार्यकारिणी की बैठक के बाद एनसीपी के प्रवक्ता और केरल प्रदेश अध्यक्ष पीसी चाको ने कहा कि बैठक में कुल आठ प्रस्ताव पारित किए। इसमें पटेल, तटकरे और कोहली समेत 9 विधायकों के निलंबन का प्रस्ताव भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पार्टी की 27 इकाइयां हैं। इनमें से किसी भी इकाई ने यह नहीं कहा कि वे शरद पवार के साथ नहीं हैं।
पवार से मिले राहुल गांधी
एनसीपी की बैठक खत्म होने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली में उनके आवास पहुंचे और शरद पवार से मुलाकात की और उनके प्रति अपना समर्थन जताया।