ओडिशा के सिलेरू नदी में नाव पलटने से 8 प्रवासी श्रमिक लापता हो गए जबकि एक श्रमिक का शव बरामद हुआ है
- फोटो : ANI
बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव के बाद सोमवार को चक्रवात बने ‘यास’ के अगले 24 घंटे में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की घोषण मौसम विभाग ने कर दी है। इस बीच ओडिशा-आंध्र प्रदेश बॉर्डर के पास से खबर आई है कि ओडिशा में चित्रकोंडा पुलिस स्टेशन की सीमा में सिलेरू नदी में नाव पलटने से 8 प्रवासी मजदूर लापता हो गए। वहीं, पुलिस को एक मजदूर का शव भी बरामद हुआ है। फिलहाल, खोज और बचाव अभियान जारी है।
चित्रकोंडा तहसीलदार टी पद्मनाभ डोरा ने बताया कि यह घटना तब हुई जब दो नावों में 30 प्रवासी मजदूर रात में ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कंधागुडा और गुंथगुडा गांवों में अपने घरों को लौट रहे थे। वे सभी रैपिड एंटीजन टेस्ट से बचना चाह रहे हैं। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए राज्य में घुसने से पहले रैपिड एंटीजन टेस्ट करना अनिवार्य है।
पानी के नीचे एक पोल से टकराकर पलटी नाव
तहसीलदार ने बताया कि 19 लोग तेलंगाना में अपना काम खत्म करने के बाद एक नाव में सुरक्षित वापस लौट आए, जबकि 11 लोग दो अन्य नावों से वापस लौट रहे थे जब यह दुर्घटना हुई। अचानक एक नाव पानी के नीचे एक पोल से टकराकर पलट गई। इसके बाद घबराए हुए मजदूर आनन-फानन में अपनी जान बचाने के लिए दूसरी नाव पर कूद गए, लेकिन वह नाव भी झुक गई और नदी में डूब गई।