केरल में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां शनिवार को संक्रमण के 8,253 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमण की पॉजिटिविटी दर बढ़कर 12.2 प्रतिशत हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने जानकारी देते हुए बताया कि नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कोविड-19 के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 3,73,148 हो गई है। वहीं, 25 और मरीजों की मौत के बाद इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 1,306 पर पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि नए मामलों में से 7,084 मरीज पहले से संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से इससे पीड़ित हुए हैं और 163 मरीज यात्रा करके राज्य लौटे हैं जबकि 939 मरीज कैसे संक्रमित हुए, इसका पता अभी नही चल पाया है। संक्रमित लोगों में 67 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में फिलहाल 97,147 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक कुल 2,87,261 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद महामारी को लेकर नए प्रतिबंध भी लगाए गए हैं और कई दिशानिर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।