गुजरात में चार विधानसभा सीटों के छह बूथों पर रविवार को पुनर्मतदान हुआ। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 70 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव आयोग ने वडगाम और सावली के दो-दो और वीरमगाम तथा दस्करोई के एक-एक बूथ पर फिर से मतदान कराने का निर्देश दिया था।
पढ़ें: भाजपा में जश्न की तैयारी, पार्टी को दोनों ही राज्यों में जीत का पूरा भरोसा
हालांकि उसने दोबारा मतदान कराए जाने का कोई कारण नहीं बताया था। वडगाम सीट से दलित नेता जिग्नेश मेवाणी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस उनका समर्थन कर रही है। वडगाम के छनियाना-1 और 2 बूथ पर 74 और 73 प्रतिशत मतदान हुआ।
वीरमगाम के बूथ नंबर 27 पर 83 फीसदी वोट पड़े। राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त बीबी स्वैन ने बताया कि दस्करोई सीट के नव नरोदा बूथ पर 73, सावली सीट के न्हारा और संकराडा बूथ पर क्रमश: 71 और 75 फीसदी वोट डाले गए।
पढ़ें: गुजरात चुनाव : मोदी और शाह के टीम की अग्निपरीक्षा
10 बूथ की वीवीपैट पर्ची सुरक्षित रखी गई
चुनाव आयोग ने सात विधानसभा सीटों के 10 बूथों की वीवीपैट पर्चियों को 18 दिसंबर को होने वाली मतगणना के लिए सुरक्षित रखने का निर्देश दिया था क्योंकि इन बूथ के पीठासीन अधिकारी मॉक पोल के दौरान कंट्रोल यूनिट से वोटों को हटाने में नाकाम रहे थे।