प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तीन आसियान नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक की। मोदी ने म्यांमार की स्टेट काउंसलर आंग सान सू की, फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो ड्यूट्रेट और वियतनाम के पीएम नुग्येन शुआन फुक समेत के साथ द्विपक्षीय बैठक की और क्षेत्रीय मुद्दों समेत विभिन्न मसलों पर चर्चा की।
बैठक के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, ‘मोदी और सू की ने द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण चर्चा की। प्रधानमंत्री की सितंबर 2017 में हुई म्यांमार यात्रा के दौरान किए गए महत्वपूर्ण फैसलों पर आगे कदम बढ़ाने पर भी बात की गई।’
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब हिंसा के बाद रखाइन प्रांत से पलायन कर गए रोहिंग्या मुस्लिमों को फिर से बसाने की कोशिशें चल रही हैं। मालूम हो कि बड़ी आबादी अपना घर छोड़ बांग्लादेश और भारत में शरण लेने को मजबूर हुई थी।
वहीं मोदी और वियतनाम के पीएम ने व्यापार निवेश, समुद्री परिवहन और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर बात की। रवीश कुमार ने बताया कि सूचना और प्रसारण के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच समझौता भी हुआ। उन्होंने बताया कि फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ भी प्रधानमंत्री ने कारोबार, निवेश, रक्षा-सुरक्षा, शिक्षा जैसे मुद्दों पर बात की। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद दोनों देशों के बीच निवेश को लेकर भी समझौता किया गया।
सुषमा ने भारत-आसियान मैत्री पार्क का उद्घाटन किया
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को भारत-आसियान मैत्री पार्क का राष्ट्रीय राजधानी में उद्घाटन किया। आसियान के महासचिव ले लुओंग मिन्ह ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। लुटियंस के तुगलक क्रीसेंट में यह आयोजन किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, ‘गहरी होती दोस्ती। सुषमा स्वराज ने मैत्री पार्क का उद्घाटन किया। आसियान के महासिचव और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह इस अवसर पर मौजूद थे।’