केरल में बीते चार महीनों के भीतर बुखार से 62 लोगों की मौत हो गई जिसमें से 24 लोगों की मौत की वजह एच1एन1 इन्फ्लुएंजा वायरस रहा। केरल के राज्य स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में इस बात की जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्री शैलजा ने बताया कि एच1एन1 के अलावा डेंगू और चेचक समेत केरल में अन्य तरह के बुखार का प्रकोप है, हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय के पास इससे निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं। इस मुद्दे पर विपक्ष द्वारा स्थगन प्रस्ताव लाने के लिए एक नोटिस के जवाब में मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और स्वच्छ पेयजल की कमी कई बीमारियों के फैलने की वजह है।
उन्होंने कहा, सरकारी अस्पतालों के पास किसी भी तरह के बुखार के फैलने से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन है। राज्य सरकार के सभी दवाखानों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां हैं। इस साल एच1एन1 दक्षिणी राज्यों में तेजी से फैला है और केरल में भी यह फैलना शुरू हो गया है। मंत्री ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है।