राज्यसभा में शुक्रवार को 53 सांसदों के आखिरी दिन पर सदन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कई महत्वपूर्ण निर्णयों में आपका योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सांसदों के अनुभव से दोनों सरकारों को लाभ मिला। हालांकि इस दौरान पीएम मोदी ने सदन में जीएसटी पास न होने का मलाल जरूर जताया। सांसदों के विदाई संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 'यदि आपके कार्यकाल में जीएसटी बिल पास हो जाता तो आप जिस राज्य से आते हैं वहां के लोगों को फायदा होता। आपको मौका नहीं मिला। लेकिन मैं इस बात के लिए आश्वस्त हूं कि जो भी वापस आएंगे वो इसका मौका अवश्य पाएंगे।'
बता दें कि आज राज्यसभा में 53 सांसदों का आखिरी दिन है और इनका कार्यकाल जून और जुलाई के आखिर तक खत्म हो जाएगा। इस दौरान भाजपा के 14 सांसद रिटायर हो रहे हैं वहीं कांग्रेस 14 सांसद रिटायर हो रहे हैं। कांग्रेस के पास मौजूदा समय में 61 सांसद है और उसे उम्मीद है कि उसकी संख्या 11 जून को 57 सीटों पर होने वाले चुनावों के बाद भी 60 बनी रहेगी। वहीं भाजपा भी चुनााव में 18 सीटे हासिल करने की उम्मीद है।अभी भाजपा के राज्यसभा में कुल 49 सांसद हैं यदि पार्टी की उम्मीद सही साबित हुई तो इसके 53 सांसद हो जाएंगे, हालांकि 53 सांसद होने के बाद भी भाजपा ऐसी स्थिति में नहीं आ पाएगी कि वो अपने बूते कोई बिल सदन में पास करा सके।
कांग्रेस की स्थिति देखे तो यह साफ कि उसे आंध्र और तेलंगाना से कोई राज्यसभा सीट नहीं मिल सकेगी। केरल में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन से पर राज्यसभा में उसकी राह आगे की ओर बढ़ेगी। इतना ही नहीं इन सांसदों में रिटायर होने वाले पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी की सीट भी केरल चुनाव पर ही निर्भर है। पंजाब में कांग्रेस के लिए समस्या है क्योंकि उसके तीन सांसद रिटायर हो रहे हैं लेकिन 2 की ही वापसी हो पाएगी। हालांकि कांग्रेस कर्नाटक से पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.चिंदबरम के लिए राज्यसभा में रास्ता बना सकती है। माना जा रहा है कि आस्कर फर्नांडीज के रिटायर होने के बाद उनकी जगह चिदंबरम को सदन में लाया जाएगा।
बात उत्तर प्रदेश की करें तो यहां से बहुजन समाज पार्टी के 6 सदस्य रिटायर हो रहे हैं जिसमें सतीश चंद्र मिश्रा भी शामिल हैं। यहां से बसपा 2 और भाजपा कांग्रेस अपने लिए 1-1 सदस्य चुन सकेंगी। प्रदेश में समाजवादी पार्टी से किसी के चुने जाने की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है। रिटायर होने वाले सांसदों में केंद्रीय मंत्री एम.वैंकैया नायडू, बिरेन्दर सिंह, निर्मला सीतारमण, मुख्तार अब्बास नकवी और पीयूष गोयल का नाम भी शामिल हैं। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, जदयू नेता शरद यादव और वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी भी रिटायर हो रहे हैं। रिटायर हो रहे 53 सांसदों में से सबसे ज्यादा 11 उत्तर प्रदेश से हैं वहीं 6-6 सदस्य तमिलनाडु एवं महाराष्ट्र से हैं।
गौरतलब है कि 57 सीटों के लिए चुनाव 11 जून को कराए जाएंगे। इसमें शराब उद्योगपति विजय माल्या द्वारा खाली गई सीट भी शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार बिहार में 5, आंध्र और कर्नाटक में 4, मध्य प्रदेश और ओडिशा से 3, हरियाणा, झारखंड, पंजाब, छत्तीगढ़ और तेलंगाना से 2-2 सीटों पर चुनाव होंगे। उत्तराखण्ड से सिर्फ एक सीट पर चुनाव होगा। आज सदन में सांसदों की फेयरवेल स्पीच के बाद राज्यसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी।