खराब मौसम के बाद बांग्लादेश में फंसे कुल 516 भारतीय मछुआरे बुधवार को देश लौटे। सभी दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप बंदरगाह पहुंचे, जहां से 10 दिन पहले वे नौका से रवाना हुए थे। 32 नौकाओं पर सवार इन मछुआरों को बांग्लादेश कॉस्ट गार्ड (बीसीजी) ने मंगलवार को भारतीय तटरक्षक को सौंपा था।
ये मछुआरे छह और सात जुलाई को समुद्र में ऊंची लहरें उठने के चलते बांग्लादेश जलसीमा में प्रवेश कर गए थे। भारतीय तटरक्षक की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय तटरक्षक ने 516 से अधिक मछुआरों को उनकी 32 भारतीय नौकाओं के साथ बांग्लादेश द्वारा सौंपे जाने के बाद बुधवार को उन्हें काकद्वीप बंदरगाह पर पश्चिम बंगाल राज्य मत्स्य पालन अधिकारियों के हवाले कर दिया।
भारतीय तटरक्षक ने कहा कि बांग्लादेश कॉस्ट गार्ड ने इन लोगों को पायरा बंदरगाह पर आश्रय मुहैया कराया था। उन्हें वापस आने के लिए भोजन, ताजा पानी और ईंधन भी मुहैया कराया गया। मछुआरे सुरक्षित अपने घर पहुंच गए और अपने परिवार से मिल गए।
बयान में कहा गया कि इस बीच बाकी 24 लापता मछुआरों की तलाश बांग्लादेशी जलसीमा में बीसीजी द्वारा और भारतीय तटरक्षक द्वारा आईएमबीएल और पश्चिम बंगाल तट से लगे क्षेत्रों में जारी है।