भारतीय सुरक्षा बलों को जानकारी मिली है कि घाटी में अशांति फैलाने के लिए 450 से 500 आतंकी घुसपैठ करने की फिराक में हैं। सैन्य सूत्रों ने बताया कि इसकी जानकारी मिलते ही जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर ऐसी किसी भी अवांछित कोशिश से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को पूरी छूट दे दी गई है।
खुफिया सूचनाओं के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह कई प्रमुख शहरों में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि सेना किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बिलकुल तैयार और सतर्क है। सेना को किसी भी सुरक्षा चुनौती से ‘प्रभावी’ रूप से निपटने के लिए पूरी छूट दी गई है।
सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान ने हाल ही में बालाकोट आतंकवादी शिविर को फिर से सक्रिय किया है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की योजना कश्मीर में अशांति फैलाने की है ताकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने यह दिखाया जा सके कि भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने के बाद से घाटी में स्थिति बिगड़ रही है।