केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को दावा किया कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले 50 दिनों में ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के दर्शन हुए हैं। उन्होंने कहा कि साथ ही इस दौरान किसान, नौजवान, मजदूर, मध्यम वर्ग, अर्थव्यवस्था तथा सामाजिक न्याय संबंधी भाजपा के संकल्प पत्र पर अमल का खाका तैयार हुआ है ।
जावड़ेकर ने कहा, ‘किसान, जवान, नौजवान, मजदूर, मध्यम वर्ग, व्यापारी, नया शोध, भारत को आगे ले जाने, पड़ोसियों से भारत के संबंध, निवेश, संसाधनों का विकास, भ्रष्टचार के खिलाफ मजबूती से लड़ाई और सामाजिक न्याय 50 दिन की मुख्य बातें हैं।’ सूचना प्रसारण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस पहले निर्णय पर हस्ताक्षर किए, वह सेना और पुलिस के जवानों के बच्चों को छात्रवृत्ति से जुड़ा था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालते ही ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ पर जोर दिया था। 50 दिन में इसी दृष्टि का दर्शन सबको हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र पर अमल का खाका भी तैयार हुआ है और ‘स्पीड, स्केल और स्किल (गति, मात्रा और कौशल)’ तीनों के दर्शन हुए हैं ।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब सभी किसानों को छह हजार रुपये मिलेंगे और किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को उत्पादन का ढाई गुना समर्थन मूल्य मिलने लगा है। इसके साथ साथ 10 हजार फार्मर्स प्रोड्यूसर संगठन तैयार करने का काम हुआ है। कामगारों के लिये चार श्रम कानून संहिता लाने का फैसला हुआ। इससे मजदूरी सुनिश्चित होगी और सामजिक सुरक्षा मिलेगी।