पाकिस्तान के एक वकील ने अदालत में एक याचिका दायर कर पाक सरकार से मांग की है कि सरकार भारत से 5000 वर्ष पुरानी कांसे की मूर्ति ‘डांसिंग गर्ल’ को वापस लेकर आएं। वकील जावेद इकबाल जाफरी की ओर से सोमवार को लाहौर हाईकोर्ट में यह याचिका दायर की गई है। डॉन ने खबर दी है कि 10.5 सेंटीमीटर लंबी यह मूर्ति 2600 ईसा के आसपास की है।
यह मोहेनजोदाड़ो सभ्यता के खत्म होने के बाद सन 1926 में मिली थी। याचिकाकर्ता का दावा है कि यह मूर्ति लाहौर म्यूजियम की संपत्ति है। इसे करीब 60 साल पहले राष्ट्रीय कला परिषद दिल्ली के आग्रह पर भारत ले जाया गया था और कभी वापस नहीं आई। पाकिस्तान नेशनल म्यूजियम ऑफ आर्ट्स के महानिदेशक जमाल शाह ने एक बयान में कहा कि वह इस मूर्ति को वापिस लाने के लिए यूनेस्को को पत्र लिखेंगे।