एडीआर की मई 2019 की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ देश की वर्तमान 17वीं संसद के 542 सांसदों में से 233 सांसदों (43 फीसदी) पर किसी न किसी प्रकार के आपराधिक केस चल रहे हैं। नवनिर्वाचित 542 सांसदों में से 539 के हलफनामे की जांच के बाद यह तथ्य सामने आया था कि इनमें 159 (कुल का 29 फीसदी) पर गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इनमें हत्या, दुष्कर्म और अपहरण जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं।
इनमें भाजपा के 303 सांसदों में से 301 के विश्लेषण से पता चला है कि इनमें 116 सांसद (39 फीसदी) दागी हैं तो कांग्रेस के 52 में से 29 सांसद (57 फीसदी) दागी हैं। बसपा के 10 में से पांच, जेडीयू के 16 में से 13, तृणमूल कांग्रेस के 22 में से नौ और मार्क्सवादी पार्टी के तीन में से दो सांसदों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सबसे ज्यादा गंभीर बात यह है कि पिछले दस साल में दागी सांसदों की संख्या 43 फीसदी तक बढ़ गई है। 2009 के लोकसभा चुनाव में आपराधिक छवि वाले सांसदों की संख्या 162 (कुल का 30 फीसदी) थी। 2014 में यह संख्या 185 (कुल का 34 फीसदी) थी। इस बार यह संख्या बढ़कर 233 (43 फीसदी) तक पहुंच गई है। 2009 में गंभीर आपराधिक मामले वाले सांसदों की संख्या 76 (14 फीसदी) थी, जो साल 2014 के चुनाव के बाद बढ़कर 112 (21 फीसदी) हो गई थी।
राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय 25 दलों में से छह ऐसे हैं जिनके सभी सांसदों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इसमें लोकजनशक्ति पार्टी, ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी शामिल हैं। अगर राज्यवार बात करें तो केरल से 90 फीसदी और बिहार से चुनकर आए 82 फीसदी सांसद अपराधिक रिकार्ड वाले हैं। इस मामले में पश्चिम बंगाल से 55 फीसदी, उत्तर प्रदेश से 56 फीसदी, महाराष्ट्र से 58 फीसदी चुने गए सांसद अपराधी हैं। छत्तीसगढ़ के सबसे कम नौ फीसदी सांसद और गुजरात के 15 फीसदी सांसद दागी हैं।