केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में अब तक इस बीमारी के कारण कुल छह मौतें हुई हैं। इनमें से अधिकतर सीआईएसएफ में हुई हैं जबकि सीमा सुरक्षा बल में दो और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में एक जवान की मृत्यु हुई है।
सीआईएसएफ में बाकी चार ने मामले बुधवार को, दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा करने वाली, बल की इकाई में सामने आए हैं। इस इकाई में ऐसे कर्मियों की संख्या अब 28 है जिनका अभी इलाज चल रहा है। कोरोना वायरस के 41 नए मामलों के साथ ही 1.62 लाख कर्मियों वाले बल में ऐसे कर्मियों की संख्या 109 हो गई है जिनका इस बीमारी के लिए इलाज चल रहा है।
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तैनात बल की इकाई में 28 कर्मियों का, अहमदाबाद हवाईअड्डे पर तैनात इकाई में पांच और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की सुरक्षा करने वाली इकाई में तीन कर्मियों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पीटीआई द्वारा हासिल किए गए आंकड़े के अनुसार सीएपीएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी में ऐसे कर्मियों की संख्या 827 है जिनका इलाज चल रहा है।
इस बीच बीएसएफ में बुधवार को कोविड-19 के 13 नए मामले सामने आए, इनमें से 11 मामले दिल्ली में दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने की ड्यूटी में तैनात इकाइयों से आए। पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ लगती सीमा की रक्षा करने वाले बल बीएसएफ में, सीएपीएफ में से सबसे अधिक ऐसे 301 कर्मी हैं जिनका इलाज चल रहा है।
सीआरपीएफ में बुधवार को तीन और मामले सामने आए जिससे इस बल में ऐसे कर्मियों की संख्या बढ़कर 242 हो गई जिनका अभी इलाज चल रहा है। सीआरपीएफ के कुछ कर्मी कोविड-19 से ठीक भी हुए हैं।
आईटीबीपी में कोरोना वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया और इस बल में ऐसे कर्मियों की संख्या 158 बनी हुई है जिनका इलाज चल रहा है। सशस्त्र सीमा बल में ऐसे कर्मियों की संख्या कम से कम 20 है जिनका इलाज चल रहा है जबकि एक कर्मी को मंगलवार को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।