अक्सर परीक्षा की कॉपियों में जांच के दौरान गड़बड़ी पाई जाती है। ऐसा ही एक मामला अब गुजरात से भी सामने आया है। लेकिन ऐसी गलती यहां किसी एक अध्यापक ने नहीं की बल्कि 3200 अध्यापकों ने की है। जिसके चलते बोर्ड ने सभी को तलब किया है।
राज्य में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को 50 में से 80 अंक दिए गए हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक करीब 3200 अध्यापकों को ऐसी गड़बड़ियों के कारण बोर्ड ने तलब किया है। इन अध्यापकों ने कॉपी की जांच के दौरान 10 या इससे कम और ज्यादा नंबर दिए हैं।
शिक्षकों की ऐसी गलतियों से बोर्ड में नाराजगी है। बोर्ड के एक अधिकारी एम एम पठान ने 10वीं के छात्र के मामले में सफाई देते हुए कहा कि जिस छात्र को 50 में से 80 नंबर दिए गए थे उन्होंने उसकी कॉपी देखी। पठान ने कहा कि छात्र को वास्तव में 80 नहीं बल्कि 8 अंक मिले हैं।
बता दें ऐसा केवल इसी छात्र के साथ नहीं हुआ बल्कि बहुत से छात्रों के साथ हुआ है। दो छात्रों को साइंस के पेपर में अधिक अंक दिए गए हैं। इनमें से एक छात्र को 15 और एक को 13 नंबर अधिक मिले हैं। सबसे हैरानी की बात तो ये है कि किसी की भी गलती पकड़ में नहीं आई है। इन गलतियों को दूसरी बार पेपर चेक करने वाले मॉडरेटर और ऑर्डिनेटर में से किसी ने भी नहीं पकड़ा।