कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि बीते पांच वर्षों में 320 सरकारी कर्मचारियों को भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण समय से पहले सेवानिवृत्त किया गया। उन्होंने एक लिखित जवाब में बताया कि 27 फरवरी 2020 तक समूह क के 163 और समूह ख के 157 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें आईएएस, आईपीएस और आईफोएस के कर्मचारी शामिल हैं।
केंद्रीय कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को लोकसभा में बताया कि मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) और सूचना आयुक्त (आईसी) की नियुक्ति प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल 16 दिसंबर को अपने आदेश में केंद्र सरकार को सीआईसी में खाली पदों पर तीन माह के भीतर भर्ती करने का निर्देश दिया था।
केंद्र सरकार ने लोकसभा में बताया कि बीते दो वर्षों में सांसदों ने प्रोटोकॉल उल्लंघन मामले में आईएएस अधिकारियों के खिलाफ 29 शिकायतें की हैं। कार्मिक राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि इनमें सबसे अधिक 10 शिकायतें यूपी के सांसदों ने दीं। इसके अलावा प. बंगाल और राजस्थान से चार-चार शिकायतें आईं। ओडिशा, मध्य प्रदेश से दो-दो और आंध्र प्रदेश, बिहार, केरल, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ, और गुजरात से एक एक शिकायत दर्ज की गई।