फेसबुक के लिए यह साल ठीक नहीं चल रहा है। तमाम डाटा लीक के बावजूद फेसबुक यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है। पिछले कई महीनों से फेसबुक के डाटा लीक हो रहे हैं और हर बार फेसबुक माफी मांग लेता है। मौजूदा मामले में वॉल स्ट्रीट जर्नल ने फेसबुक के इंटरनल सर्वे के आधार पर एक रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि एक साल में फेसबुक के 32 फीसदी कर्मचारी कंपनी के भविष्य को लेकर नकारात्मक हुए हैं। यानी अब केवल फेसबुक के 52 प्रतिशत कर्मचारी ही कंपनी के भविष्य को लेकर सकारात्मक हैं।
सर्वे के मुताबिक, एक साल पहले 84 प्रतिशत कर्मचारी कंपनी के भविष्य के बारे में आशावादी थे। वहीं 70 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें फेसबुक में काम करने पर गर्व है। बता दें कि पिछले साल के सर्वे में 87 फीसदी कर्मचारियों ने फेसबुक पर काम करने पर गर्व की बात कही थी। इसके अलावा सर्वे में 53 प्रतिशत कर्मचारियों ने कहा कि फेसबुक दुनिया को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है जो पिछले साल की तुलना में 19 फीसदी कम है।
बता दें कि फेसबुक साल में दो बार आतंरिक सर्वे कराता है। इस सर्वे का उद्देश्य कर्मचारियों की राय जानना होता है।
उल्लेखनीय है कि नवंबर माह के पहले हफ्ते में बीबीसी की एक रिपोर्ट सामने आयी थी जिसके मुताबिक 81,000 फेसबुक यूजर्स के निजी मैसेज में सेंध लगी है और हैकर्स ने इन अकाउंट्स का इस्तेमाल विज्ञापन के लिए किया है। रिपोर्ट की मानें तो आपके मैसेज को बाजार तक पहुंचाया गया है और सात ही उसमें कई सारे बदलाव भी किए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक हैकर्स के 120 मिलियन फेसबुक यूजर्स का निजी डाटा है और वह 0.10 डॉलर यानी करीब 7.29 रुपये प्रति अकाउंट बेचने की सोच रहा है। वहीं फेसबुक का दावा है कि किसी प्रकार का डाटा लीक नहीं हुआ है और यह रिपोर्ट निराधार है, हालांकि फेसबुक ने यह जरूर माना है कि फेसबुक यूजर्स का निजी डाटा वायरस वाले एक्सटेंशन के जरिए हैकर्स तक पहुंचा है। रिपोर्ट में कहा गया था कि हैक हुए अकाउंट्स में अधिकतर अकाउंट यूक्रेन और रूस के हैं। इसके अलावा हैक होने वाले अकाउंट्स में अमेरिका, ब्रिटेन और ब्राजील के लोगों के भी अकाउंट शामिल हैं। डाटा लीक के बाद ऑनलाइन एक विज्ञापन भी दिया गया है जिसमें कहा गया है कि एक यूजर्स के पूरे मैसेज का एक्सेस सिर्फ 0.10 डॉलर यानि करीब 7.29 रुपये में दिया जाएगा। इनमें से सैंपल के लिए 81,000 लोगों के मैसेज को सार्वजनिक भी कर दिया गया है। हालांकि इस विज्ञापन को अब हटा लिया गया है।