काजीरंगा नेशनल पार्क में 108 जानवरों की मौत
दूसरी ओर, काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ की वजह से एक सींग वाले नौ गैंडों समेत 108 जानवरों की मौत हो गई है। करीब 136 जानवरों को सुरक्षित बचाया लिया गया है। कई जानवरों ने खुद ही ऊंची जगहों पर शरण ली है और कुछ पार्क के बीचों बीच से गुजरने वाले नेशनल हाइवे पर आ गए हैं। मरने वालों में चार जंगली भैसें, सात जंगली सुअर, दो दरियाई हिरण व 82 हॉग डियर शामिल हैं। सड़कों पर इन बेजुबान जानवरों को बेसुध और डरा सहमा देखा जा सकता है। काजीरंगा नेशनल पार्क का 90 फीसदी हिस्सा बाढ़ में डूब चुका है।
पायलट ने लोगों से की मदद की अपील
राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भी लोगों से असम और बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, असम और बिहार बाढ़ में अपनों को गंवा चुके लोगों के साथ मेरे संवेदनाएं हैं। मैं सभी भारतीयों से अपील करता हूं कि इस मुश्किल घड़ी में साथ आएं और हमारे असम व बिहार के भाइयों की मदद करें।