कर्नाटक में एक बार फिर से विधायकों की खरीज-फरोख्त का मामला उठ गया है। कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार का कहना है कि भाजपा उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी के तीन विधायक मुबंई के एक होटल मे ठहरे हुए हैं और वह भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं।
इस मामले पर आज कांग्रेस नेता कृष्णा बायरे गोड़ा ने कहा कि भाजपा अलोकतांत्रिक तरीके से कर्नाटक सरकार को गिराना चाहती है। उन्होंने कहा, 'तथ्य यह है कि भाजपा अलोकतांत्रित तरीके से शिकार करके लोकतांत्रिक तरीके से बनी कर्नाटक सरकार को गिराना चाहती है। इस सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा लगातार कोशिशें कर रही है। यह केवल आज नहीं हो रहा है।'
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा, 'आज हमने अपने सभी मंत्रियों को बुलाया जो हमारी पार्टी से और गठबंधन से संबंधित हैं। ताकि उनसे अगले बजट को लेकर बातचीत की जा सके जिसे मुख्यमंत्री फरवरी के पहले हफ्ते में पेश करेंगे। साथ ही पिछले साल लागू हुए बजट प्रावधानों के कार्यान्वयन का जायजा लिया जाएगा।'
परमेश्वर ने कहा कि यह सरकार नहीं गिरेगी और हमारे सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने कहा, 'भाजपा नेता कह रहे हैं कि यह सरकार गिर जाएगी। लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है। हमारे कुछ विधायक गए हुए हैं। वह मंदिर, हॉलीडे, फैमिली आउटिंग या किस चीज के लिए गए हैं हमें नहीं पता। किसी ने यह नहीं कहा है कि वह भाजपा में शामिल होने वाले हैं या सरकार को अस्थिर करने वाले हैं। हमारे सभी विधायक एकजुट हैं।'
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा, वह तीनों (कांग्रेस विधायक) लगातार मेरे संपर्क में हैं। वह मुझे सूचित करने के बाद मुंबई गए हैं। मेरी सरकार किसी भी परेशानी में नहीं रहै। मुझे मालूम है कि भाजपा किससे संपर्क करने की कोशिश कर रही है और उन्हें क्या ऑफर दे रही है। मैं इससे निपट सकता हूं। मीडिया इससे चिंतित क्यों है?
वहीं इस मामले पर भाजपा के केंद्रीय मंत्री और नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने पलटवार करते हुए गठबंधन सरकार पर अपने विधायकों को एकजुट न रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'उन्हें (कांग्रेस) अपने घर को व्यवस्थित रखना चाहिए। वह कर्नाटक के अपने विधायकों को एकसाथ नहीं रख पा रहे हैं और केवल भाजपा पर उंगली उठा रहे हैं।'