आज 3 जून 2026 को जेष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया है। आज कर्नाटक में डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की समीक्षा बैठक है।
मुख्यमंत्री पद का शपथ लेंगे डीके शिवकुमार
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार बुधवार को लोक भवन के ग्लास हाउस में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शनिवार को बंगलूरू के विधान सौधा में कांग्रेस विधायक दल यानी सीएलपी की बैठक हुई। इस बैठक में कर्नाटक कांग्रेस ने डीके शिवकुमार के नाम पर मुहर लगाई।
मौद्रिक नीति समिति की समीक्षा बैठक
भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की समीक्षा बैठक आज से शुरू है। वहीं, 5 जून को रिजर्व बैंक मौद्रिक नीति के प्रमुख प्रावधान की घोषणा करेगा। समिति ने अप्रैल में हुई अपनी पिछली बैठक में भी दरों में कोई बदलाव नहीं किया था, जिसका कारण भू-राजनीतिक तनावों से उत्पन्न अनिश्चितताएं और मुद्रास्फीति एवं विकास संभावनाओं पर उनके संभावित प्रभाव थे।
भाजपा अध्यक्ष का पटना दौरा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को पटना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विधान परिषद चुनाव और बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बैठक कर सकते हैं। इसके साथ ही उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा हो सकती है।
उत्तर प्रदेश कैबिनेट की बैठक
उत्तर प्रदेश सरकार बुधवार को कैबिनेट बैठक कर सकती है। इसमें परिवहन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के डेढ़ दर्जन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में सुनवाई
राजा रघुवंशी हत्याकांड के मामले में बुधवार को सुनवाई होगी। यह सुनवाई मेघालय हाईकोर्ट में चल रही है। हत्याकांड के मामले में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत का राज्य सरकार ने विरोध करते हुए उसे मामले की मुख्य साजिशकर्ता बताया है।