दुनिया में इस साल कई बड़े बदलाव होने वाले हैं। इनमें सबसे बड़ा बदलाव है ब्रिटेन को लेकर। ब्रिटेन यूरोपियन संघ से बाहर होने जा रहा है। एक अन्य बदलाव कतर को लेकर है, जो 57 साल बाद ओपेक से अलग होने जा रहा है। चलिए आपको विस्तार से बताते हैं इन बदलावों और इनसे भारत पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में।
यूरोपियन संघ से अलग होगा ब्रिटेन
सबसे बड़ा बदलाव है ब्रिटेन का यूरोपियन संघ से अलग होना। मार्च में ब्रिटेन इस संघ से अलग हो जाएगा। लेकिन अगर सदस्य चाहेंगे तो ये टल भी सकता है। इसे दुनिया में ब्रेक्जिट का नाम दिया गया है। जो ब्रिटेन और एक्जिट दो शब्दों से मिलकर बना है। इस मुद्दे पर ब्रिटेन में पहला जनमत संग्रह 23 जून, 2016 को हुआ था। इसमें अधिकतर लोगों ने संघ से अलग होने के पक्ष में मतदान किया था। इसके बाद थेरेसा मे प्रधानमंत्री बनीं। अब ब्रिटेन 29 मार्च 2019 को यूरोपियन संघ से अलग होगा, लेकिन अगर संघ के सभी 28 सदस्य इससे सहमत नहीं होते तो ये टल भी सकता है।