आज 29 मार्च 2026 को चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात करेंगे। वहीं, आईपीएल के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच मुकाबला होगा।
पीएम मोदी का मन की बात कार्यक्रम
शुरुआत प्रधानमंत्री से। 29 मार्च को महीने का आखिरी रविवार है। हर महीने के आखिरी रविवार की तरह इस बार भी पीएम नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम- 'मन की बात' का प्रसारण होगा। यह मन की बात कार्यक्रम की 132वीं कड़ी का प्रसारण सुबह 11 बजे से शुरु होगा।
आईपीएल का आज दूसरा मैच
मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच आईपीएल 2026 में रविवार को मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम के 7.30 से मुंबई में खेला जाएगा। दोनों टीमें आईपीएल में कुल 35 बार एक दूसरे के खिलाफ खेल चुकी हैं। जिनमें अभी तक मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी रहा है। मुंबई इंडियंस ने केकेआर के विरुद्ध 24 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि केकेआर सिर्फ 11 ही मैच जीत सकी है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
यूपीपीएससी की परीक्षा आज से शुरू
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन रविवार से एक अप्रैल तक किया जाएगा। परीक्षा दो सत्रों में लखनऊ एवं प्रयागराज जिले में संपन्न होगी। इसमें 11403 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रयागराज जिले में परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4757 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं, लखनऊ में 15 केंद्रों पर 6646 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सह केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य निरीक्षक और सहयोगी निरीक्षकों की तैनाती कर दी गई है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
इंदौर में कई परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे सीएम मोहन यादव
इंदौर की जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, स्मार्ट और दीर्घकालिक बनाने के लिए नर्मदा चतुर्थ चरण के अंतर्गत अमृत 2.0 में 1356 करोड़ रुपए की तीन प्रमुख परियोजनाओं का भूमिपूजन 29 मार्च को दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे। इसी अवसर पर सिरपुर में 20 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट का लोकार्पण भी किया जाएगा। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि यह परियोजना केवल आधारभूत संरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, सुविधा और बेहतर जीवन स्तर से जुड़े व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। इस परियोजना के जरिए इंदौर में 24x7 जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त 400 एमएलडी जल आपूर्ति भी सुनिश्चित होगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)