आने वाली 26 अगस्त को राखी का त्योहार है। बाजार में रौनक ही रौनक दिखाई दे रही है। जहां बहनें अपने भाइयों के लिए राखियां तलाश रही हैं, लेकिन इसी बीच बहनों के लिए खुशखबर आई है कि मोदी सरकार राखियों पर जीएसटी नहीं वसूलेगी, यानी रक्षाबंधन पर राखी की खरीदारी के लिए बहनों की पॉकेट पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा। इस बारे में केंद्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि 'रक्षाबंधन आ रहा है, हमने राखी पर से जीएसटी की छूट दी है और गणेश चतुर्थी को देखते हुए हमने सभी तरह की मूर्तियों, हस्तशिल्प, हथकरघा को भी जीएसटी से अलग रखा है।
त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है और ऐसे में फ्लाइट टिकट सस्ती होने के संकेत मिलते दिख रहे हैं। दरअसल इस साल 30 सितंबर को जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक गोवा में हो रही है और उम्मीद की जा रही है कि इस बैठक में सबसे अहम मुद्दा एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) और नैचुरल गैस का हो सकता है। यानि की एयरलाइंस पर बढ़ते आर्थिक नुकसान के कारण एटीएफ को जीएसटी के दायरे में लाने का प्रस्ताव जीएसटी काउंसिल की बैठक में रखा जा सकता है, और अगर ऐसा होता है तो हवाई किराया सस्ता हो सकता है।
एक और खुशशबरी यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2013 को लेकर है। जिसमें सेलेक्ट ना होने वाले अभ्यर्थियों के लिए खुशशबरी है। दरअसल इस भर्ती में एक बार फिर से उन्हें नौकरी मिलने की संभावना दिख रही है और वो भी हाईकोर्ट के आदेश पर। इस आदेश के मुताबिक यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा इस भर्ती के लिए 8678 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अब केवल उनके दस्तावेजों की जांच और चिकित्सा परीक्षा होगी।
पेट्रोल पंप (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
पेट्रोल पंप भी अब पोर्टेबल हो रहे हैं। जी हां ये खुशखबर देश के उन गांव, कस्बों और शहरों की है जहां इस तरह के पोर्टेबल पेट्रोल पंपों के जरिए पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री जल्द शुरू होगी। जल्दी ही इन इलाकों में पोर्टेबल पेट्रोल पंपों का निर्माण भी शुरू हो जाएगा, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए ये पेट्रोल पंप एक वरदान की ही तरह साबित होंगे। और ये सब संभव हो सकेगा एलिंज पोर्टेबल पेट्रोल पंप्स की कवायद के तहत। कंपनी ने कहा है कि उसने देश में 1600 करोड़ रुपये के निवेश से चार निर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए चेक कंपनी पेट्रोकार्ड से समझौता किया है।
और आखिर में बात करते हैं एशियन गेम्स से मिली खुशखबर की। ये खुशखबर भारत को दी है टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना ने। अंकिता ने देश को एशियन गेम्स में नौंवा ब्रॉंज मेडल दिलाया है। इसी के साथ ही एशियन गेम्स की वूमन टेनिस स्पर्धा में अंकिता ने भारत की झोली में पहला मेडल डाला।