केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने मंगलवार को बताया कि देश में 230 लोगों को सीआरपीएफ और सीआईएसएफ जैसे केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की ओर से 'जेड प्लस', 'जेड' और 'वाई' श्रेणियों के तहत सुरक्षा प्रदान की जा रही है। जी किशन रेड्डी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने कहा, 'सुरक्षा प्राप्त लोगों की केंद्रीय सूची में शामिल व्यक्तियों के समक्ष जोखिम के बारे में केंद्रीय एजेंसियों के आकलन के आधार पर उन्हें सुक्षा दी जाती है और इसकी समय-समय पर समीक्षा की जाती है। इस तरह की समीक्षा के आधार पर सुरक्षा कवर जारी रखने, वापस लेने या संशोधित करने का फैसला होता है।'
नहीं दिया इस पर होने वाले खर्च का ब्योरा
मंत्री ने बताया कि मौजूदा समय में 230 लोगों के नाम इस केंद्रीय सूची में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर इन लोगों की सुरक्षा पर होने वाले खर्च का वहन केंद्र सरकार की ओर से किया जाता है। हालांकि उन्होंने इस बात का ब्योरा नहीं दिया कि ऐसे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर कुल कितनी राशि व्यय हो रही है।
40 लोगों को मिल रही है 'जेड प्लस' सुरक्षा
जी किशन रेड्डी ने लोकसभा में कहा, जेड प्लस सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दिए जाने के अनुरोध किए गए हैं लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते यह जानकारी साझा नहीं की जा सकती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्रीय सूची में ऐसे 40 लोग शामिल हैं, जिनको जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जा रही है।