नमस्कार! आज है शुक्रवार, 23 अक्तूबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
आज 23 अक्तूबर 2026 को अश्विना माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी है। आज चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के मतदान होंगे। इसके साथ ही पोलैंड के प्रधानमंत्री के भारत दौरे का आखिरी दिन है।
पोलैंड के प्रधानमंत्री के भारत दौरे का आखिरी दिन
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्तूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। अपने दौरे के अंतिम दिन प्रधानमंत्री टस्क आज बंगलूरू का दौरा करेंगे जहां वे आईटी और अंतरिक्ष क्षेत्र के हितधारकों से मिलेंगे। यहां भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम का आयोजन किया जाएगा।
भारत-जिम्बॉब्वे के बीच पहला वनडे आज
भारत और जिम्बॉब्वे की महिला टीम के बीच पहला एक दिवसीय मैच आज दोपहर 2 बजे से वडोदरा में खेला जाएगा। तीन मैचों की सीरीज के सभी मुकाबले वडोदरा में ही खेले जाने हैं। इससे पहले हुई टी20 सीरीज 3-0 से भारत के नाम रही थी।