कोरोना वायरस का प्रभाव तेजी से देश में फैल रहा है। इस जानलेवा महामारी से हर आयु वर्ग के लोग संक्रमित हो रहे हैं। तेलंगाना में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। राज्य सरकार की ओर से जारी बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि महबूबनगर में एक 23 दिन की बच्ची में भी संक्रमण मिला है। मंगलवार को यहां 23 दिन की बच्ची समेत तीन लोगों में कोरोना के लक्षण दिखे हैं। यह सभी तब्लीग जमात के लोगों के संपर्क में आए थे। इसी के साथ जिले में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
वहीं राज्य में 40 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 348 हो गई है। देश में भी एक दिन में 500 से अधिक मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों की संख्या 4789 हो गई। इसके अलावा अब तक 124 लोगों की मौत हुई है और 352 लोग ठीक भी हुए हैं।
बुलेटिन में कहा गया है कि प्रदेश में मंगलवार को कोरोना के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 348 हो गई है। जबकि कोरोना से अभी तक प्रदेश में 11 मौतें हुई हैं और 45 लोग अब तक ठीक हुए हैं।
महबूबनगर में मंगलवार को सामने आए तीन नए मामलों में से एक में 23 दिन की बच्ची पॉजिटिव पाई गई है। इन तीनों मामलों में संक्रमण दिल्ली में तब्लीगी जमात में शामिल होने के बाद लौटकर गए शख्स के संपर्क में आने से फैलना बताया गया है। हालांकि अभी तक तीनों नए मामलों में सामने आए मरीजों के जरिए संक्रमण के सामुदायिक फैलाव का कोई सबूत नहीं मिला है।
वहीं जमातियों के संपर्क में आए सभी लोगों को तलाशा जा रहा है। बुलेटिन में कहा गया है कि जिन जिलों में संक्रमण के मामले सामने आए हैं वहां सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं ताकि संक्रमण को आगे बढ़ने से रोका जा सके।
इस बीच, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ई राजेंदर ने कहा कि उन्होंने और नगर प्रशासन मंत्री केटी रामा राव ने वायरस के प्रसार से निपटने के लिए उपायों के सिलसिले में बाहरी इलाके गाचीबोव्ली में स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और मोइनाबाद के एक मेडिकल कॉलेज का दौरा भी किया है।