आज 20 सिंतबर 2026 को भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की नवमी है। आज भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की पार्टी आईटी सेल के साथ बैठक हो सकती है। एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम का सेमीफाइनल मुकाबला बांग्लादेश से होगा।
उपराष्ट्रपति का महाराष्ट्र दौरा
शुरुआत उपराष्ट्रपति से। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। आज उनके इस दौरे का आखिरी दिन है। इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान उन्होंने मुंबई और पुणे में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उपराष्ट्रपति पुणे जिले के लोनावला में कैवल्यधाम के गोरधनदास सेक्सरिया योग और सांस्कृतिक संश्लेषण महाविद्यालय के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
भाजपा आईटी सेल के साथ बैठक करेंगे अध्यक्ष नितिन नवीन
भाजपा ने आईटी सेल और सोशल मीडिया प्रमुखों की बैठक बुलाई है। ये बैठक रविवार को राजधानी दिल्ली में होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष आईटी/सोशल मीडिया और अन्य संबंधित विभागों की बैठक लेंगे। बताया जा रहा है कि इस बैठक में खासतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर आईटी सेल की भूमिका पर बात की जाएगी।