अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि अमेरिका और भारत न सिर्फ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी बल्कि सभी तरह के खतरों के खिलाफ सहयोग को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठा रहे हैं। पिछले साल हमने साइबर वर्ल्ड से जुड़े मुद्दों पर आपसी सहयोग को विस्तार दिया है, हमारी नौसेनाओं ने हिंद महासागर में संयुक्त अभ्यास किया है।
संयुक्त प्रेस वार्ता में मार्क एस्पर ने कहा कि हमारे साझा मूल्यों और साझा हितों के आधार पर चीन की बढ़ती आक्रामकता और अस्थिर करने वाली गतिविधियों के बीच एक स्वतंत्र और खुले इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा, 'हमारी अर्थव्यवस्थाओं को नुकसान हुआ है। हम उद्योगों और सेवा क्षेत्रों को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी साझेदारी वर्तमान चुनौतियों के मद्देनजर और महत्वपूर्ण हो जाती है। हम दोनों नियम आधारित आदेश और लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। हमें खुशी है कि हमने बेसिक एक्सचेंज एंड कोऑपरेशन एग्रीमेंट (बीईसीए) पूरा कर लिया है, जिससे सूचना साझाकरण में नए रास्ते खुलेंगे। हम अमेरिका के साथ आगे के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।'
हैदराबाद हाउस में भारत और अमेरिका के बीच टू प्लस टू वार्ता शुरू हो गई है। इसमें भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और रक्षा मंत्री मार्क एस्पर भाग ले रहे हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री माइकल पोम्पियो और अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर हैदराबाद हाउस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ मुलाकात कर रहे हैं।