यूपी के जिला संभल के कादराबाद से बुधवार रात परिवारवालों के साथ घेर में सो रहे दो माह के मासूम बच्चे को भेड़िया उठा ले गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं लगा। सुबह होने पर लोगों ने देखा तो चारपाई के आस-पास भेड़िया के पैरों के निशान थे। कादराबाद समेत आस-पास के गांवों में भेड़िया को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।
कादराबाद के रामबाबू का घेर घर के पास में ही है। बुधवार रात रामबाबू अपने तीन पुत्रों तीन साल के मोहित, डेढ़ साल के आकाश और दो माह के प्रेम के साथ घेर में सो रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे रामबाबू किसी काम से उठकर घर पर गए। रामबाबू के मुताबिक कुछ देर के बाद लौटे, तो देखा चारपाई पर प्रेम नहीं था। इसके बाद गांव के लोगों ने प्रेम की तलाश की। उसका कुछ पता नहीं लगा। सुबह होने पर देखा की चारपाई के आस-पास भेड़िया के पैरों के निशान थे।
गांव के बाहर बच्चे के खून से सना उसका एक पहना हुआ कपड़ा भी मिला। गांव में सभी का मानना है कि प्रेम को भेड़िया ने निवाला बना लिया। भेड़िया को लेकर कादराबाद समेत आस-पास के गांवों में दहशत है। लोग अपने बच्चों को घेरों से नहीं निकलने दे रहे हैं।