अगले साल होने वाले आम चुनावों से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को राज्य के किसानों के लिए कृषक बंधु योजना का एलान किया है। इसके तहत किसान की मौत की स्थिति में उनके परिजन को दो लाख रुपये का मुआवजा देने के अलावा खेती के लिए अनुदान भी देगी। मुख्यमंत्री ने साल के आखिरी दिन राज्य सचिवालय नवान्न में इस योजना का एलान किया।
ममता ने कहा कि 18 से 60 साल की उम्र वाले किसानों की मौत की स्थिति में सरकार उनके परिजनों को मुआवजे के तौर पर दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने बताया कि मौत की वजह चाहे कुछ भी हो, यह मुआवजा सबको मिलेगा। उक्त योजना के तहत किसानों को खेती के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रति एकड़ पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह रकम दो किस्तों में दी जाएगी।
पहली बार रबी फसल की खेती के समय और बाकी आधी रकम खरीफ फसल की खेती के समय। ममता के मुताबिक, किसी भी किसान को साल में एक बार ही उक्त रकम दी जाएगी। राज्य के 72 लाख किसान इस योजना के दायरे में शामिल होंगे। इस योजना की वजह से राज्य सरकार पर सात हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
हसीना को दी जीत की बधाई
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बांग्लादेश में शेख हसीना की जीत का भी जिक्र हुआ। ममता ने कहा कि वे हमेशा चाहती हैं कि बांग्लादेश ठीक रहे। इसी वजह से उन्होंने शेख हसीना को जीत की बधाई दी है।
तीन तलाक पर बोलीं ममता
मुख्यमंत्री ने तीन तलाक कानून का जिक्र करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सांसदों में पहले से ही एक तिहाई महिलाएं हैं। ममता ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा महिलाओं के हितों की समर्थक रही है।