नमस्कार! आज है शनिवार, 19 सितंबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
आज 17 सिंतबर 2026 को भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी है। सेमीकॉन इंडिया का आखिरी दिन है। वहीं, गृह मंत्री का कर्नाटक और महाराष्ट्र दौरा है।
गृह मंत्री का कर्नाटक और महाराष्ट्र दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हुबली में केएलई के नए मेडिकल कॉलेज भवन और 1,200 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में कर्नाटक के कई वरिष्ठ नेताओं और जन प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। कर्नाटक के बाद गृह मंत्री दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर भी जाएंगे। गृह मंत्री शनिवार शाम को कोल्हापुर पहुंचेंगे। रविवार सुबह यहां वे 600 करोड़ रुपये की बहु-राज्यीय सहकारी परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
राहुल गांधी का इंदौर दौरा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज इंदौर दौरे पर हैं। यहां वे 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। युवाओं और छात्रों के साथ संवाद का ये कार्यक्रम इससे पहले पुणे, प्रयागराज, कोटा, देहरादून जैसे शहरों में हो चुका है। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
योगी आदित्यनाथ का नोएडा दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में शुरू हो रहे दो दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ कार्यक्रम में युवाओं से रूबरू होंगे। ‘युवा स्वाभिमान’ की थीम पर होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जेन-जी के मुद्दों पर मंथन होना है।