नमस्कार! आज है बुधवार, 17 जून। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
आज 17 जून 2026 को जेष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी नीट पेपर लीक के मुद्दे पर देशव्यापी अभियान की कोटा से शुरुआत करेंगे।
नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस चलाएगी देशव्यापी अभियान
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी नीट पेपर लीक के मुद्दे पर देशव्यापी अभियान का नेतृत्व करेंगे। इसकी शुरुआत 17 जून से राजस्थान को कोटा से होगी। राजस्थान के बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी इस तरह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस इस अभियान के तहत लोगों को इकट्ठा करेगी। पार्टी का दावा है कि इस अभियान में छात्र, परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा, युवा संगठन, शिक्षक और परीक्षा घोटालों से सीधे प्रभावित सभी लोग शामिल होंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
विधानसभा चुनाव से पहले सपा की बैठक
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी अपने सामाजिक समीकरण ठीक करने में जुट गई हैं। सपा ने 17 जून को लखनऊ में ब्राह्मण नेताओं की बड़ी बैठक बुलाई है।
तमिलनाडु विधानसभा में कार्यक्रम
तमिलनाडु विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए 16 और 17 जून को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य विधानसभा का सत्र 18 जून से राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के अभिभाषण के साथ शुरू होगा।