आज 17 जनवरी 2026 को माघ माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के असम दौरे पर रहेंगे। वहीं, अंडर-19 विश्वकप में भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला होगा।
पीएम मोदी का असम दौरा
शुरुआत पीएम मोदी के दौरे से। शनिवार को वे असम के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री शनिवार की शाम को असम पहुंचेंगे। इसके बाद वे शहर के अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स स्टेडियम में 10,000 कलाकारों द्वारा प्रस्तुत बोडो लोक नृत्य 'बागुरुम्बा' को देखने वाले हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
राहुल गांधी का इंदौर दौरा
शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे इंदौर पहुंचकर बॉम्बे हॉस्पिटल में दूषित पानी से बीमार हुए मरीजों का हाल जानेंगे और फिर भागीरथपुरा में दूषित पानी से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। शनिवार को हो ही कांग्रेस के नेता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मनरेगा योजना का नाम बदले जाने पर मौन उपवास रखने वाले हैं। राहुल गांधी भी इस आयोजन में शामिल हो सकते हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र (एनएससी) में शनिवार को सुबह 11:00 बजे वर्चुअल रियलिटी (वीआर) थिएटर का उद्घाटन होगा। इसके साथ "पृथ्वी से कक्षा तक: साथ मिलकर अंतरिक्ष की खोज" शीर्षक से एक पैनल प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय अंतरिक्ष यात्री और एक्जिओम-4 मिशन के मिशन पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी मौजूद होंगे।
अदालत आसिया अंद्राबी को सजा सुनाएगी
शनिवार को विशेष एनआईए अदालत कश्मीरी अलगाववादी आसिया अंद्राबी को सजा सुनाएगी। आसिया को देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश रचने के मामले में दोषी पाया गया है। अदालत ने दुख्तरान-ए-मिल्लत की प्रमुख आसिया के साथ ही उसकी दो सहयोगियों सोफी फहमिदा और नाहिदा नसरीन को आतंकी साजिश रचने समेत गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम कानून (यूएपीए) के तहत कई अपराधों के लिए भी दोषी माना। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
अंडर-19 विश्व कप मैच
अंडर-19 विश्व कप में शनिवार को भारत का सामना बांग्लादेश से है। यह मैच जिम्बाब्वे के बुलावायो में भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे खेला जाएगा। पिछले मैच में भारत ने अमेरिका को केवल 107 रन पर आउट करके छह विकेट से जीत दर्ज की। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)डब्ल्यूपीएल में शनिवार को दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच यूपी वॉरियर्स और मुंबई इंडियंस के बीच होगा। यूपी वॉरियर्स की कप्तान मेग लैनिंग हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं। ये मैच दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। वहीं, दूसरा मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरू और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरू की कप्तान स्मृति मंधाना हैं। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स हैं। ये मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।
जावेद अख्तर का जन्मदिन
मशहूर गीतकार, कवि और पटकथा लेखक जावेद अख्तर अपना 81वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 17 जनवरी 1945 को ग्वालियर में हुआ था।