बंगाल की खाड़ी में मंगलवार को मछुआरों की एक नौका पलट गई। हालांकि, तत्काल रेस्क्यू कर 17 मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में समुद्र तट से लगभग 25 किमी दूर उस समय हुई, जब मछली पकड़ने वाली नौका खराब मौसम की चेतावनी के कारण समुद्र से लौट रही थी। अधिकारियों ने बताया कि 'एफबी प्रसेनजीत' नाम की नौका तेज लहरों के कारण पलट गई और मछुआरे समुद्र में गिर गए। इसके बाद पास में मौजूद एक नौका उनकी मदद के लिए आई। अधिकारियों ने बताया कि बचाए गए मछुआरों को काकद्वीप लाया गया। उन्होंने बताया कि मछुआरे पांच दिन पहले नौका से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए थे।
जांच में देरी पर महिला यात्री ने फैलाई बम की अफवाह, हिरासत में
कोच्चि हवाईअड्डे पर एक महिला यात्री ने बैग में बम होने की अफवाह फैला दी। इसके चलते मुंबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान मंगलवार को एक घंटे की देरी से उड़ान भर सकी। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को हिरासत में ले लिया। हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि महिला ने कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जांच में वक्त लगने से नाराज होकर बैग में बम रखे होने की झूठी सूचना दी। महिला (37) को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
तेलंगाना: पीएम मोदी 6 अगस्त को रखेंगे 21 रेलवे स्टेशनों के विकास की आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह अगस्त को तेलंगाना में 894 करोड़ की लागत से 21 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों के विकास की आधारशिला रखेंगे। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, तेलंगाना में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुल 39 स्टेशनों की पहचान की गई है। पहले चरण में 21 स्टेशनों के विकास की आधारशिला रखी जाएगी। इनके अलावा, पीएम पहले ही 715 करोड़ की लागत से सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन की आधारशिला रख चुके हैं। 221 करोड़ की लागत से चेरलापल्ली स्टेशन का भी पुनर्विकास किया जा रहा है।
बिहार में हिंदू के शव का किया अपमान, केंद्र ने मांगी रिपोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बिहार सरकार से दरभंगा जिले में अनुसूचित जाति समुदाय के एक व्यक्ति के शव के अपमान की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर इसकी शिकायत की थी। गृह सचिव अजय भल्ला ने बिहार के मुख्य सचिव अमीर सुभानी को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है।
बालासोर हादसा : 29 शवों की अब तक नहीं हुई पहचान
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भुवनेश्वर में रखे 113 शवों को अब तक उनके रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया, जबकि 29 शवों की पहचान की जानी बाकी है। एम्स भुवनेश्वर के चिकित्सा अधीक्षक दिलीप कुमार परिदा ने कहा कि राष्ट्रीय संस्थान को दो चरणों में 162 शव सौंपे गए थे। परिदा ने कहा, यहां संरक्षित किए गए 29 शवों में से ज्यादातर अज्ञात और लावारिस हैं। हम दिल्ली सीएफएसएल से डीएनए नमूनों की आखिरी खेप का इंतजार कर रहे हैं, उसके बाद बाकी शवों को सौंप दिया जाएगा।
देश के कई हिस्सों में दिखा सुपरमून
दुनिया के कई हिस्सों के साथ मंगलवार की रात भारत भी सुपरमून का गवाह बना। दिल्ली, लखनऊ, बंगलूरू और पंजाब समेत कई अन्य शहरों में इसे देखा गया।
इंफाल पूर्व में भीषण आग, 17 घर जलकर राख
हिंसाग्रस्त मणिपुर में सोमवार देर रात इंफाल पूर्वी जिले में मिनुथोंग कमांडो कॉम्प्लेक्स के पास कैनन वेंग में भीषण आग लग गई। इसमें करीब 17 घर जलकर खाक हो गए। दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गुवाहाटी हाईकोर्ट को मिले पांच नए जज, अब संख्या हुई 24
गुवाहाटी। गुवाहाटी हाईकोर्ट को मंगलवार को दो महिलाओं समेत पांच नए जज मिल गए। जस्टिस काखेतो सेमा, जस्टिस देवाशीष बरुआ, जस्टिस मालाश्री नंदी, जस्टिस मार्ली वानकुंग और जस्टिस अरुण देव चौधरी को गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संदीप मेहता ने शपथ दिलाई। इन नई नियुक्तियों के साथ गुवाहाटी हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश समेत कुल 24 जज हो गए हैं।
डब्ल्यूटीओ में ईयू के कार्बन कर का विरोध करेगा भारत
भारत समेत अन्य विकासशील देश अगले साल विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान जलवायु परिवर्तन व कार्बन कर आदि से संबंधित यूरोपीय संघ (ईयू) के नियमों का विरोध करेंगे। डब्ल्यूटीओ का चार दिवसीय 13वां मंत्रिस्तरीय सम्मेलन अगले साल 26 फरवरी को अबूधाबी में होगा। यह डब्ल्यूटीओ से संबंधित मामलों में निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है। एक अधिकारी ने कहा, ये मुद्दे डब्ल्यूटीओ में व्यापक रूप से उठाए जाएंगे। भारत जैसे देश डब्ल्यूटीओ में इनका विरोध करेंगे। उन्होंने कहा, यह मंत्रिस्तरीय बैठक में प्रमुख मुद्दा होगा।
संबंधों के समीक्षा के लिए भारत और नेपाल के बीच होगी बैठक
द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के लिए भारत और नेपाल मंत्री स्तरीय संयुक्त आयोग की बैठक का आयोजन करेंगे। नेपाल के विदेश मंत्री एनपी सऊद ने मंगलवार को बताया कि इस उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक के लिए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर नेपाल आएंगे। हाल ही में बैंकॉक में आयोजित बिम्सटेक विदेश मंत्रियों के रिट्रीट के दौरान मैंने भारतीय विदेश मंत्री को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।