आज 16 जनवरी 2026 को माघ माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी है। शुक्रवार को महाराष्ट्र निकाय चुनाव के नतीजे आएंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्टार्टअप इंडिया के एक दशक पूरे होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शुरुआत स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रम से। शुक्रवार को स्टार्टअप इंडिया के एक दशक पूरे हो गए। इस मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। वे भारत के जीवंत स्टार्टअप इकोसिस्टम के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे। स्टार्टअप इंडिया की शुरुआत 16 जनवरी, 2016 को हुई थी। नवाचार, उद्यमिता को बढ़ावा देने और निवेश-संचालित विकास को सक्षम बनाने के उद्देश्य से एक परिवर्तनकारी राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में लॉन्च किया गया था। इसका लक्ष्य भारत को नौकरी चाहने वालों के बजाय नौकरी सृजन करने वाला राष्ट्र बनाना था। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
कल्पना चावला ने भरी थी अंतरिक्ष के लिए उड़ान
16 जनवरी 2003 को भारतीय मूल की अंतरिक्ष वैज्ञानिक कल्पना चावला ने अमेरिका से अंतरिक्ष में अपनी दूसरी उड़ान भरी थी। हालांकि, यह यात्रा उनके लिए अंतिम साबित हुई। 16 दिन के मिशन के बाद 01 फरवरी 2003 को पृथ्वी पर लौटते समय स्पेस शटल दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें कल्पना चावला के साथ उनके छह साथियों की मृत्यु हो गई।