कार्यकर्ताओं पर सैनिटाइजर छिड़कते टीएमसी नेता
- फोटो : वीडियो ग्रैब/सोशल मीडिया
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में गुरुवार (24 जून) को भाजपा के करीब 150 कार्यकर्ताओं पर तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने पहले सैनिटाइजर का छिड़काव किया। इसके बाद उन्हें तृणमूल कांग्रेस में शामिल कर लिया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के प्रखंड स्तर के सदस्य दुलाल राय ने बताया कि इलामबाजार में एक मंच बनाया गया था, जहां भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं पर सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। इसके बाद स्थानीय नेताओं ने उन्हें तृणमूल का झंडा थमाया।
राय ने कहा, 'भाजपा के लिए जो कार्य कर रहे थे, वे वायरस से संक्रमित हो गए थे। उन्हें वापस लेने से पहले हमें यह सुनिश्चित करना पड़ा कि वे संक्रमणरहित हो जाएं, क्योंकि हमारा लक्ष्य वायरस से मुक्ति पाना है।' वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष ध्रुव साहा ने दावा किया कि उनके पार्टी कार्यकर्ताओं को तृणमूल कांग्रेस में शामिल करने के लिए उनके साथ जोर जबरदस्ती की गई। उन्होंने कहा कि कोई भी अपनी मर्जी से भाजपा से तृणमूल में नहीं गया। साहा ने कहा कि चुनाव बाद हिंसा के आरोपों से बचने के प्रयास के तहत तृणमूल नेता ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं को टीएमसी में शामिल होने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
बता दें कि दो दिन पहले हुगली जिले में 200 भाजपा कार्यकर्ता टीएमसी में शामिल हुए थे। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान विधानसभा चुनाव से पहले भगवा दल में चले जाने के पाप से मुक्ति के लिए उन्हें सिर मुड़वाना पड़ा था।