कांग्रेस-जद (एस) के 14 बागी विधायकों ने कर्नाटक विधानसभा के मौजूदा विधानसभा के कार्यकाल के लिए अयोग्य घोषित करने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है और एक याचिका दायर की है।
इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने अपने बागी विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में मंगलवार को निष्कासित कर दिया था। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन बागी नेताओं को पार्टी से निकालने की अनुशंसा की थी। इन 14 नेताओं ने कुछ हफ्ते पहले पार्टी से बगावत करते हुए इस्तीफा सौंपा था जिसके बाद पार्टी ने इनके खिलाफ दलबदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की मांग की थी। इस पर इन लोगों को अयोग्य ठहराया गया था। अब इन नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है।
विधायक पद से इन नेताओं के इस्तीफा देने के बाद कर्नाटक में कांग्रेस-जद (एस) सरकार गिर गई थी। इसके बाद वहां बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। इससे पहले जद (एस) के एचडी कुमारस्वामी राज्य के मुख्यमंत्री थे।