फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन तलाक के 13 मामले, जब एक झटके में दोजख हो गई जिंदगी

Tue, 22 Aug 2017 12:08 PM IST
amarujala.com- Written By: त्रिनाथ त्रिपाठी
विज्ञापन
ट्रिपल तलाक - फोटो : twitter
विज्ञापन
तीन तलाक को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया। कोर्ट ने तीन तलाक को असंवैधानिक करार दिया है। तीन तलाक पर रोक लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये काम सरकार और संसद का है, सरकार 6 महीने में तीन तलाक को लेकर कानून बनाए। बता दें कि पिछले कुछ सालों में तीन तलाक के कई अजीबों-गरीब मामले सामने आने के बाद से मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक को लेकर लंबे समय से लड़ाई लड़ रही थीं। आज हम आपको तीन तलाक के ऐसे ही कुछ मामलों के बारे में बता रहे हैं जब एक झटके में दोजख हो गई जिंदगी...
विज्ञापन


पढ़ें:- दुनिया के 20 देशों में बैन है तीन तलाक, जानें वहां क्या है इसके लिए नियम

डिनर में भेड़ का सिर परोसना भूल गई पत्नी, पति ने दे दिया तलाक
ताजा मामला सऊदी अरब का है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी को इसलिए तलाक दे दिया क्योंकि वह डिनर में भेड़ का सिर परोसना भूल गई थी। महिला का कहना है कि उसके पति ने अपने दोस्तों को डिनर पर बुलाया था। मेहमानों के जाने के बाद उसका पति आगबबूला हो गया और कहा कि डिनर पर तुम भेड़ का सिर परोसना भूल गई थी। लिहाजा तुम मुझे भी भूल जाओ। यह कहते हुए उसने तलाक दे दिया।

विज्ञापन देकर दे दिया तीन तलाक
पिछले दिनों हैदराबाद में 25 साल की एक महिला को सऊदी अरब में रहने वाले उसके पति ने अखबार में विज्ञापन देकर तीन तलाक दे दिया था। महिला ने अपने पति पर लाखों रुपये का दहेज मांगने और उसे प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया था।
विज्ञापन


पढ़ें:- अगर हर बार ऐसा करने लगे हर पत्नी तो तीन तलाक खत्म हो जाए !

लड़की पैदा होने पर तीन तलाक
यूपी के अमरोहा जिले में रहने वाली नेशनल लेवल की नेटबॉल प्लेयर शुमायला को उसके पति ने लड़की पैदा होने पर तलाक दे दिया। शुमायला की शादी 9 फरवरी 2014 को लखनऊ में हुई थी।

​दो कदम आगे चल रही थी पत्नी, दे दिया तलाक

triple talaq
सऊदी अरब में भी तीन तलाक के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। हाल ही में एक शख्स ने अपनी पत्नी को इसलिए तलाक दे दिया क्योंकि बार-बार चेतावनी के बावजूद सड़क पर वह उससे दो कदम आगे चल रही थी। खबरों के मुताबिक वह शख्स पत्नी को बार-बार एक कदम पीछे चलने को कह रहा था लेकिन वह उससे हमेशा दो कदम आगे चल रही थी। इससे आजिज आकर व्यक्ति ने रास्ते में ही उसे तीन तलाक दे दिया।

बाइक नहीं तो तलाक,तलाक,तलाक
पिछले महीने यूपी के बुलंदशहर में बाइक न मिलने से नाराज दूल्हे ने मौके पर ही तलाक, तलाक, तलाक कहकर निकाह के महज कुछ घंटे बाद ही रिश्ता तोड़ दिया। 

पति ने ससुराल में पत्नी को दिया तीन तलाक
पिछले महीने बिजनौर में एक गर्भवती महिला को पति ने मायके में ससुराल वालों के सामने ही तीन तलाक दे दिया। महिला का आरोप है कि उसका पति उस पर मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था।

सोते समय दे दिया तलाक
यूपी के नजीराबाद में रहने वाली शबाना निशा को उसके पति ने सोते समय तलाक दे दिया। सोकर उठने के बाद निशा को तलाक देने की बात उसकी देवरानी ने बताई और कहा कि वो घर से चली जाए।

तलाक-तलाक-तलाक कहा और घर से निकाला

triple talaq
नैनीताल में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नशेड़ी पति ने रजिया नाम की महिला को मारपीट कर तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि उसका पति कई दिनों से उससे मायके से रुपये लाने की मांग कर रहा था और उस पर तेजाब डाल जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। अचानक एक दिन उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और तीन बार तलाक कहकर उसे घर से निकाल दिया।

बच्चों के विवाद में शौहर ने दे दिया तीन तलाक
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक ऐसा मामला आया, जहां जरा सी बात पर एक शौहर ने अपनी बीवी को तलाक दे दिया। दरअसल घर के आंगन में बच्चे आपस में झगड़ रहे थे। इसी मसले को लेकर शौहर और बीवी की कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्साए शौहर ने अपनी बीवी को तलाक दे डाला। बीवी हकबक रह गई।

बाइक व भैंस नहीं मिली तो तलाक देकर घर से निकाला
यूपी के सीतापुर में भैंस व मोटर साइकिल की डिमांड पूरी न होने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। और दहेज के लिए 16 साल पुराना रिश्ता तोड़ उसे घर से भी निकाल दिया।
विज्ञापन

वॉट्सऐप पर तलाक

triple talaq - फोटो : सोशल मीड‌िया
हैदराबाद में रहने वाली सुमायना नाम की एक महिला को अमेरिका में रहने वाले उसके पति ने वॉट्सऐप पर तलाक लिखकर भेज दिया। मैसेज में ये भी लिखा था कि ये बर्थडे गिफ्ट है। सुमायना के मुताबिक मैसेज में लिखा था, "तलाक, तलाक, तलाक। ये मेरा फैसला है। किसको लाती, किसको बताती। सबको बोलना है, बोल दे। किसका बाप क्या करता। मैं भी अब अपनी बात नहीं बदलता। ये ही चाह रही थी न तू। ले दे दिया तेरे को बर्थडे गिफ्ट।"

खर्च के हिसाब को लेकर विवाद में पत्नी को दिया तीन तलाक
वहीं बिजनौर में खर्च के हिसाब को लेकर पत्नी से विवाद होने पर पति ने उसे तलाक दे दिया। पता चलने पर महिला के मायके वाले ने तलाक देने पर गांव में आकर उसके पति को पीटा। दोनों पक्षों में फैसला होने पर मायके वाले महिला को ले जाने लगे, लेकिन महिला ससुराल में ही इद्दत करने के लिए रूक गई। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्पीड पोस्ट से भेजा तलाकनामा
राजस्थान के जयपुर की रहने वाली आफरीन को उसके पति ने स्पीड पोस्ट के जरिए तलाकनामा भेजकर तलाक दे दिया। आफरीन की शादी 2014 में मेट्रोमोलियन पोर्टल के जरिए हुई थी। इसके बाद आफरीन ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया और उन्होंने कोर्ट में ‘तीन तलाक’ को चुनौती दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें