यूजर्स के डाटा चोरी को लेकर फेसबुक एक बार फिर विवादों में घिर गया है। हैकर्स ने करीब 12 करोड़ अकाउंट में सेंध लगाते हुए निजी जानकारी हासिल कर ली है। पैसा कमाने के लिए 81 हजार यूजर्स की जानकारी को सार्वजनिक किया गया है। बीबीसी रूस की रिपोर्ट के मुताबिक, जिन यूजर्स के अकाउंट्स का डाटा लीक हुआ है, उनमें से ज्यादातर रूस और यूक्रेन से हैं। इसके अलावा ब्रिटेन, अमेरिका, ब्राजील समेत अन्य जगहों के यूजर्स की जानकारी भी लीक हुई है।
यह मामला इस साल सितंबर में सामने आया, जब एफबीसेलर नामक यूजर ने इंटरनेट फोरम में जानकारी दी कि वह करीब 12 करोड़ अकाउंट्स की जानकारी बेच रहे हैं। हैकर्स ने हर अकाउंट को 10 सेंट (करीब 6.50 रुपये) में बेचने की पेशकश की। हालांकि इसके बाद विज्ञापन को ऑफलाइन कर दिया गया। हालांकि जब साइबर सुरक्षा फर्म डिजिटल शेडोज ने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि 81 हजार अकाउंट्स की निजी जानकारी को सार्वजनिक कर दिया गया।
पांच यूजर्स ने माना, लीक डाटा उनका
बीबीसी ने जब हैकर्स का शिकार बने पांच रूसी यूजर्स से संपर्क किया तो उन्होंने डाटा चोरी होने की पुष्टि की। जो जानकारी लीक हुई उनमें दो लोगों के बीच हुई निजी बातचीत के साथ ही कुछ फोटो भी शामिल हैं।
फेसबुक ने दी सफाई
फेसबुक ने कहा कि किसी भी यूजर्स की सुरक्षा से समझौता नहीं किया गया है। फेसबुक कार्यकारी गाई रोसेन ने कहा, ‘डाटा शायद खराब ब्राउजर एक्टेंशन के माध्यम से हासिल किया गया है। ब्राउजर एक्टेंशन के निर्माताओं से बात कर यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है कि उनकी स्टोरीज में किसी भी तरह के मलवेयर एक्टेंशन डाउनलोड के लिए उपलब्ध नहीं होने चाहिए।’