महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने यहां एक डांस बार में छापा मारकर 12 लोगों को अश्लीलता फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता सुखदा नारकर ने बताया कि बीती रात विठ्ठलवाड़ी क्षेत्र स्थित बार में छापे के दौरान 20 से 35 वर्ष उम्र की छह महिलाओं को मुक्त कराया गया।
इन महिलाओं को शौचालय के पीछे एक छोटे से कमरे में बिना किसी सुरक्षा के रखा गया था। महिलाओं ने पुलिस को बताया कि जब भी बार में कोई छापा पड़ता तो उन्हें उसी कमरे में छिपा दिया जाता था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में बार प्रबंधक, वेटर और कुछ ग्राहक शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 23,820 रुपये भी बरामद किये। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 और 308 के तहत मामला दर्ज किया गया है।