केरल के तिरुवनंतपुरम अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने सीपीआई(एम) कार्यकर्ता विष्णु की हत्या के मामले में 11 आरएसएस कार्यकर्ताओं को दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने इससे पहले विष्णु की हत्या के आरोप में 13 आरएसएस कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया था। बाकी दो को आजीवन कारावास और तीन साल कारावास की सजा हुई। हालांकि चार्जशीट में 16 आरोपी थे जिनमें से एक बरी हो गया, एक की हत्या हो गई और एक अभी फरार है।
विष्णु पर तलवार, लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला किया गया था। विष्णु केठामुक्कु के पासपोर्ट ऑफिस में पासपोर्ट लेने आए लोगों की मदद करता था। हमलावरों ने पासपोर्ट ऑफिस के सामने विष्णु को घेरकर उसकी हत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक विष्णु की हत्या बदला लेने के लिए की गई थी। क्योंकि विष्णु की हत्या से करीब एक हफ्ते पहले वेस्ट फोर्ट में आरएसएस के एक ऑफिस पर पेट्रोल बम से हमला हुआ था इस हमले का शक सीपीआई(एम) पर था।