तेलंगाना के नारायणपेट जिले के एक गांव में बुधवार को एक कार्यस्थल पर मनरेगा योजना के तहत काम कर रहे श्रमिकों के ऊपर मिट्टी का एक टीला गिर जाने से दस महिला श्रमिकों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिट्टी का टीला उन महिला श्रमिकों पर गिर जाने के बाद वे सभी लगभग छह से आठ फुट तक नीचे दब गईं थी। अधिकारी ने बताया कि इस अप्रत्याशित घटना में दस महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी।
इस घटना में एक महिला घायल हो गई, जबकि एक अन्य महिला सुरक्षित बाहर आने में सफल रही। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने इस घटना पर शोक व्यक्त कर इसको दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को घायल और शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है।