देश के विभिन्न हिस्सों में लोकसभा के लिए मतदान जारी हैं। इस बीच सचिवों के दस अलग-अलग समूह 4 जून को चुनाव परिणाम के बाद बनने वाली नई सरकार के लिए सौ दिन के एजेंडे को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
सरकार के सूत्रों ने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार के सचिवों के विभिन्न क्षेत्रीय समूह महत्वपूर्ण फैसलों और परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं। जिन्हें सरकार गठन के बाद होने वाली मंत्रिपरिषद की प्रस्तावित पहली बैठक में अंतिम रूप दिया जाना है।
सूत्रों ने बताया कि सचिवों के विभिन्न समूहों की बैठकें हो रही हैं। जिनमें कृषि, वित्त, विदेश, रक्षा और अन्य जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय शामिल हैं, ताकि सरकार के लिए एजेंडे को अंतिम रूप दिया जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भरोसा जताया है कि वे तीसरी बार सरकार बनाएंगे और देश व जनता के कल्याण के लिए बड़े फैसले लेंगे।
सूत्रों ने बताया कि इन समूहों में शामिल मंत्रालयों और सचिवों ने सरकार के अंदरूनी और बाहरी कामों की योजनाओं के संबंध में सरकार के एजेंडे को लेकर अलग-अलग सुझाव दिए हैं। मोदी सरकार विभिन्न क्षेत्रों में सुधार करने पर भी विचार कर रही है। भाजपा ने देश में अब तक के सबसे बड़े सैन्य सुधार को महत्व देते हुए अपने घोषणा पत्र में नए थिएटर कमान बनाने को भी शामिल किया है। सुधारों को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) की अध्यक्षता वाले सैन्य मामलों के विभाग द्वारा किया जाना है।
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 96 सीटों पर 13 मई को मतदान होगा। 96 लोकसभा सीट में से आंध्र प्रदेश से 25, तेलंगाना से 17, उत्तर प्रदेश से 13, महाराष्ट्र से 11, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल से आठ-आठ, बिहार से पांच, झारखंड और ओडिशा से चार-चार और जम्मू-कश्मीर से एक सीट है।
लोकसभा चुनाव सात चरणों में हो रहे हैं। तीन चरणों का मतदान पहले ही संपन्न हो चुका है। मतगणना 4 जून को होगी।