एक तरफ देश में स्वच्छ भारत अभियान का जोर है तो दूसरी तरफ स्कूलों में शौचालयों की कमी इस पूरे अभियान पर पलीता लगा सकती है। हाल ही सामने आए एक सर्वे के मुताबिक, सरकारी स्कूलों में औसत तौर पर 76 छात्रों द्वारा एक टॉयलट इस्तेमाल किया जा रहा है, वहीं छात्राओं के मामले में यह आंकड़ा 66 का है। अंग्रेजी अखबार 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सर्वे 9 राज्यों के 450 से ज्यादा सरकारी स्कूलों पर किया गया।
सरकारी स्कूलों में टॉयलट को लेकर जो मानक है, उसके मुताबिक, हर 40 स्टूडेंट्स पर कम से कम एक शौचालय होना चाहिए। वाटर सैनिटेशन एंड हाइजीन (WASH) को लेकर किए गए सर्वे को इंटरनेशनल चैरिटी वॉटर एड द्वारा किया गया। सर्वे मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा छात्र और छात्राओं के लिए अलग शौचालय मुहैया कराने की खातिर चलाए गए स्वच्छ विद्यालय अभियान के दो साल बाद किया गया है।
गौरतलब है कि अगस्त 2015 में स्वच्छ विद्यालय अभियान के तहत सरकार ने देश भर के 2.61 लाख स्कूलों में 4.17 लाख शौचालय बनवाने की घोषणा की थी।