महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने अपने जनसंपर्क अभियान से समय निकालकर राज्य में बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिये यहां एक बैठक की अध्यक्षता की। राज्य के पश्चिमी हिस्सों में बीते कुछ दिनों में भारी बारिश हुई है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कोल्हापुर, सांगली, रायगढ़ और पालघर जिलों में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिये भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सामानों की आपूर्ति के लिये पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
भुवनेश्वर| बंगाल की खाड़ी में बुधवार को कम दबाव का क्षेत्र बन जाने के कारण ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। भारी बारिश होने के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई और रेल सेवाएं प्रभावित हुई। विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) बीपी सेठी ने बताया कि ‘दक्षिण ओडिशा के मलकानगिरि, रायगड़ा, कोरापुट, कंधमाल और गजपति जिलों में मूसलाधार बारिश से बड़े क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं।
बंगलूरू| दक्षिणी राज्य कर्नाटक में बाढ़ से उत्तर और तटीय इलाकों के साथ-साथ मालनदा क्षेत्र में भी भारी तबाही मचाने के साथ ही साथ कर्नाटक में बारिश से मरने वाले लोगों की संख्या तीन हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार को बेलागवी में घर गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि धारवाड़ जिले में बाढ़ के पानी में एक व्यक्ति बह गया।
बेलागवी जिले में ही मंगलवार को घर की दीवार गिरने के कारण एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई थी। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के बांधों और कर्नाटक के बांधों से भारी मात्रा में छोड़ेे गए पानी के कारण सड़क और रेल संपर्क प्रभावित हुआ हैं।