आज 7 फरवरी 2026 को कृष्ण पक्ष की षष्ठी है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के मलयेशिया दौरे पर जाएंगे। वहींं, टी20 विश्व कप का अगाज होगा। भारत अपने शुरुआती मैच में अमेरिका से भिड़ेगा। इसके साथ ही ओला, उबर और रैपिडो ने हड़ताल का एलान भी किया है।
पीएम मोदी का मलयेशिया दौरा
शुरुआत पीएम मोदी के दौरे से। प्रधानमंत्री शनिवार से दो दिन के मलयेशिया दौरे पर हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 फरवरी को मलयेशिया की राजधानी कुआलालंपुर का दौरा करेंगे। यह दौरा अगस्त 2024 में भारत-मलयेशिया संबंधों को समग्र रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के बाद हो रहा है। इस यात्रा में व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ सेमीकंडक्टर क्षेत्र में साझेदारी को लेकर अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
गृह मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 से 9 फरवरी तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान गृह मंत्री नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों की समीक्षा करेंगे। वे नक्सली स्थिति पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
ओला, उबर और रैपिडो का हड़ताल
शनिवार को देशभर में ओला, उबर और रैपिडो से जुड़े ड्राइवरों ने काम बंद करने का एलान किया है। इस हड़ताल को ऑल इंडिया ब्रेकडाउन नाम दिया गया है, जिसके तहत ड्राइवर अपने मोबाइल एप बंद रखेंगे। इससे कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।