सोशल मीडिया पर इन दिनों बांग्लादेश के एक शख्स, जिसका नाम मेरू मियां है कि खूब चर्चा में हैं। वजह है उनका वायरल वीडियो, जिसमें दावा किया जा रहा है कि उन्होंने अब तक 21 शादियां की हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि मेरू मियां खुद अपनी सभी पत्नियों के नाम नहीं बता पाए। यही कारण है कि इंटरनेट पर लोग उनके बारे में तरह-तरह के सवाल पूछ रहे हैं। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल पोस्ट के मुताबिक मेरू मियां पेशे से भिखारी हैं और भीख मांगकर ही अपना घर चलाते हैं। वीडियो में जब उनसे उनकी पत्नियों के नाम पूछे गए तो वह सिर्फ आठ नाम ही बता सके। उन्होंने शीला, नरगिस, सेलेना, आलिया, तारा, ज्योत्सना, राबिया और पारुल के नाम गिनाए। बाकी पत्नियों के नाम उन्हें याद नहीं आ सके।
पत्नियों के नाम नहीं है याद
वीडियो के साथ साझा किए गए कैप्शन में बताया गया है कि मेरू मियां की सबसे बड़ी परेशानी यही है कि इतनी पत्नियों के बीच सभी के नाम याद रखना उनके लिए आसान नहीं है। यही बात सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा खींच रही है।
शादी के लिए नहीं किया किसी महिला को प्रपोज
जब उनसे पूछा गया कि आखिर उन्हें 21 पत्नियां कैसे मिलीं तो उन्होंने बड़ा दिलचस्प जवाब दिया। मेरू मियां का कहना है कि उन्होंने कभी किसी महिला को शादी के लिए प्रपोज नहीं किया। उनके मुताबिक महिलाएं खुद उनसे शादी करना चाहती थीं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ महिलाएं उनसे उम्र में बड़ी थीं, लेकिन वह किसी का दिल नहीं तोड़ना चाहते थे, इसलिए शादी के लिए मना नहीं कर पाए।
अलग-अलग पत्नियों के साथ जाता है भीख मांगने
दावे के अनुसार मेरू मियां की पत्नियां भी उनके काम में साथ देती हैं। बताया गया है कि रोज अलग-अलग पत्नी उनके साथ भीख मांगने जाती है और इसी तरह परिवार का खर्च चलता है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कई यूजर्स यह जानना चाहते हैं कि मेरू मियां के कितने बच्चे हैं। वहीं कुछ लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि आबादी बढ़ाने में उनका बड़ा योगदान हो सकता है। एक यूजर ने यह भी लिखा कि उसे लगा था कि चार शादियां ही कानूनी तौर पर संभव हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मेरू मियां की कहानी इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है।