भाषण में ईशा मौदगिल प्रथम, वाद-विवाद में रिया और निशा अव्वल
बंगाणा (ऊना)। युवा सेवा एवं खेल कार्यालय ऊना के तत्वधान में विकास खंड बंगाणा के आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में खंड स्तरीय युवा दिवस का आयोजन किया गया। युवा दिवस के उपलक्ष्य पर प्रतिभागियों के लिए भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजन किया गया। जिसमें खंड बंगाणा के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान करवाई गई भाषण प्रतियोगिता में आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा की ईशा मौदगिल ने प्रथम, आकृति शर्मा ने दूसरा और जसाना की राधिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा की रिया राणा और निशा ने प्रथम, पर्व उपमन्यु और नवीन ने दूसरा स्थान हासिल किया। स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक सोमदत्त शास्त्री ने प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे छात्रों को बधाई दी और प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उधर ,प्रतियोगिता प्रभारी प्रोमिला ने अव्वल छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही कहा कि अव्वल छात्र जल्द ही जिला स्तरीय युवा उत्सव में खंड बंगाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।