बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ती गोबिंद सागर झील स्थित ओलिंडा पुल से वीरवार को सुबह लगभग 10:00 बजे प्रोइयां का एक युवक नीचे गिर गया। हालांकि वह खुद ही तैरकर किनारे पहुंच गया। गनीमत यह रही कि युवक सुरक्षित है। 27 वर्षीय युवक को नंगल के बीबीएमबी अस्पताल में पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि अब युवक की हालत स्थिर है। जानकारी के मुताबिक प्रोइयां का युवक विजय कुमार, पुत्र सुरेंद्र कुमार हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में नंगल के लिए सवार हुआ। अचानक वह ओलिंडा नामक स्थान पर बस से उतर गया। बस से उतरते ही बह पुल की तरफ चला गया और अचानक नीचे गिर गया। युवक के पिता नंगल में रिक्शा चलाकर घर का पालन-पोषण कर रहे हैं। युवक विजय कुमार की दो बहनें हैं। परिजनों के अनुसार उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका पैर फिसल गया था और वह पुल से नीचे गिर गया। उधर, पुलिस थाना प्रभारी रवि राम पाल शर्मा ने बताया कि युवक पूरी तरह से स्वस्थ्य है।