ऊना। जिला युवा कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को लेकर युवा कांग्रेस ऊना की प्रभारी नाहिद हुसैन ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा के खिलाफ मंगलवार को ऊना में आयोजित जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन में अनुपस्थित रहने वाले युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रभारी नाहिद हुसैन ने कहा कि हरोली विधानसभा अध्यक्ष शुभम जोशी, कुटलैहड़ विधानसभा अध्यक्ष मनीष बैंस, चिंतपूर्णी क्षेत्र से अमन जसवाल और गगरेट विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर समेत विरोध प्रदर्शन में अनुपस्थित रहे। नोटिस में कहा गया है कि जिला ऊना में आयोजित भाजपा विरोधी जिला स्तरीय प्रदर्शन में जिले के सभी विधानसभा अध्यक्षों की उपस्थिति आवश्यक थी। इसके बावजूद गगरेट, कुटलैहड़, चिंतपूर्णी और हरोली विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। युवा कांग्रेस प्रभारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दो सितंबर को लिखित रूप में स्पष्ट करें कि जिला स्तर के महत्वपूर्ण विरोध प्रदर्शन में उनकी अनुपस्थिति का क्या कारण रहा। नाहिद हुसैन ने स्पष्ट किया है कि जिला ऊना के संगठनात्मक कार्यक्रमों में पदाधिकारियों की लगातार अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा भविष्य में संगठनात्मक गतिविधियों में लापरवाही बरतने पर संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ उचित संगठनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि इस पहले भी प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री के स्वागत सम्मेलन से भी ब्लॉक युवा कांग्रेस के अध्यक्षों ने दूरी बनाई रखी थी। सम्मेलन में शामिल न होने की सूरत में जिला में ब्लॉक युवा अध्यक्षों के किनारे करने कई सवाल खड़े हो गए हैं। युवा कांग्रेस की राजनीति में अपनी अपनी डफली अपना अपना राग के स्वर बजने शुरू हो गए है।