पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। जिले के नूरपुर बेदी में पुलिस नाके के दौरान एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर तीन रिवाल्वर, पांच कारतूस बरामद किए हैं। इसकी पुष्टि श्री आंनदपुर साहिब में पत्रकारों से बात करते हुए एसपी गुरदीप सिंह ने की। गुरदीप सिंह ने कहा कि नूरपुर बेदी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हथियारों के साथ नूरपुर बेदी की ओर आ रहा है। इसके बाद सीआईए के साथ नूरपुर बेदी पुलिस ने नाका लगाया और जसपाल राम उर्फ जस्सा निवासी लंबी जिला मुक्तसर साहिब को गिरफ्तार कर लिया। उससे 32 बोर के दो और 315 बोर का एक देसी रिवाल्वर और पांच कारतूस बरामद करने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार युवक को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी।